गुरुवार, 5 नवंबर 2026

हिंदी साहित्य इतिहास लेखन की पद्धतियाँ, प्रमुख ग्रंथ और काल-विभाजन | विस्तृत नोट्स

हिंदी साहित्य इतिहास लेखन की पद्धतियाँ, प्रमुख इतिहास ग्रंथ एवं उनके लेखक, हिंदी साहित्य का काल विभाजन, आदिकाल, भक्तिकाल, रीतिकाल और आधुनिक काल के विस्तृत नोट्स। UGC NET JRF, UPSC और MPPSC परीक्षा की तैयारी के लिए हिंदी साहित्य इतिहास।


प्रस्तावना: किसी भी भाषा के साहित्य का इतिहास केवल रचनाकारों और उनके ग्रंथों की कालक्रमानुसार सूची भर नहीं होता, अपितु वह उस युग विशेष की सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और दार्शनिक चेतना का जीवंत साक्ष्य होता है। आचार्य रामचंद्र शुक्ल के अमर शब्दों में—"प्रत्येक देश का साहित्य वहाँ की जनता की चित्तवृत्ति का संचित प्रतिबिंब होता है।" हिंदी साहित्य के इतिहास लेखन की परंपरा का विधिवत सूत्रपात 19वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में हुआ। यूरोपीय प्राच्यविदों से आरंभ होकर आचार्य शुक्ल और आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी जैसे मनीषियों तक विस्तृत यह यात्रा पद्धतियों के परिष्कार, ऐतिहासिक दृष्टिकोण की प्रगाढ़ता और काल-विभाजन के वैज्ञानिक अन्वेषण की एक अनवरत शोधपरक गाथा है, जिसका सम्यक् परिशीलन प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अपरिहार्य है

Telegram:-  विस्तृत नोट्स और पुस्तक की पीडीएफ

Instagram:- दैनिक अपडेट और पुस्तक का सारांश(book summary)


1. साहित्येतिहास-दर्शन और उसकी मूल अवधारणा

साहित्येतिहास का अर्थ साहित्य की ऐतिहासिक विकास-प्रक्रिया का कालपरक, समाजशास्त्रीय एवं सौंदर्यशास्त्रीय अन्वेषण है। पाश्चात्य चिंतन में फ्रेंच विद्वान तेन (Hippolyte Taine) ने 19वीं सदी में साहित्येतिहास के वैज्ञानिक विश्लेषण हेतु त्रि-आयामीय सिद्धांत प्रतिपादित किया था:

  • जाति (Race): उस राष्ट्र अथवा जनसमूह के मूल जातीय संस्कार।
  • वातावरण (Milieu): तत्कालीन भौगोलिक, सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक परिवेश।
  • क्षण-विशेष (Moment): उस ऐतिहासिक समय में सक्रिय युग-चेतना।

हिंदी साहित्य में आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने तेन के इस दृष्टिकोण को भारतीय संदर्भों में समन्वित किया। शुक्ल जी का स्पष्ट मानना था कि जैसे-जैसे जनता की चित्तवृत्ति बदलती है, वैसे-वैसे साहित्य का स्वरूप भी परिवर्तित होता जाता है। अतः साहित्य परंपरा के साथ युगीन चित्तवृत्ति का सामंजस्य दिखाना ही साहित्य का इतिहास कहलाता है।

आचार्य रामचन्द्र शुक्ल जी का काल विभाजन :- शुक्ल जी काल विभजन

2. हिंदी साहित्य इतिहास लेखन की प्रमुख पद्धतियाँ

इतिहासकारों ने कवियों और उनकी कृतियों के विश्लेषण तथा प्रस्तुतीकरण के लिए समय-समय पर भिन्न-भिन्न पद्धतियों का अवलंबन किया है। इनमें से चार पद्धतियाँ सर्वाधिक प्रामाणिक एवं चर्चित रही हैं:

क. वर्णानुक्रम पद्धति (Alphabetical Method)

इस पद्धति में रचनाकारों का परिचय उनके नाम के प्रथम वर्ण (वर्णमाला के क्रम) के अनुसार प्रस्तुत किया जाता है। उदाहरणार्थ—कबीरदास, केशवदास और कुंवर नारायण को केवल ‘क’ वर्ण से आरंभ होने के कारण एक साथ रख दिया जाता है, भले ही उनके रचनाकाल में शताब्दियों का अंतर हो।

प्रयोगकर्ता: गार्सां द तासी (इस्तवार द ला लितरेत्यूर ऐंदूई ऐ ऐंदुस्तानी) और शिवसिंह सेंगर (शिवसिंह सरोज)।
दोष: यह ऐतिहासिक दृष्टि से सर्वथा त्रुटिपूर्ण है। इसे साहित्य का इतिहास न कहकर ‘कवि-कोश’ (Dictionary of Poets) कहना अधिक तर्कसंगत है, क्योंकि इसमें कालक्रम और युगीन प्रवृत्तियों का लोप हो जाता है।

ख. कालानुक्रम पद्धति (Chronological Method)

इस पद्धति में रचनाकारों का विवरण उनके जन्मकाल अथवा उनके रचनाकाल के ऐतिहासिक क्रम के आधार पर दिया जाता है। यहाँ इतिहासकार कृतिकारों को समय के आरोही क्रम में व्यवस्थित करता है।

प्रयोगकर्ता: डॉ. जॉर्ज ग्रियर्सन (द मॉडर्न वर्नाक्युलर लिटरेचर ऑफ हिंदुस्तान) और मिश्रबंधु (मिश्रबंधु विनोद)।
विशेषता व सीमा: यह पद्धति वर्णानुक्रम की तुलना में अधिक वैज्ञानिक है, किंतु इसमें केवल तिथिक्रम पर बल दिया जाता है; युगीन परिस्थितियों और प्रवृत्तियों का तात्विक विश्लेषण गौण रह जाता है।

ग. वैज्ञानिक पद्धति (Scientific Method)

वैज्ञानिक पद्धति में इतिहासकार सर्वथा तटस्थ (Objective) और निष्पक्ष रहकर तथ्यों का संकलन करता है और उन्हें क्रमबद्ध रूप में प्रस्तुत करता है। इसमें पूर्वाग्रहों और कल्पना का कोई स्थान नहीं होता।

प्रयोगकर्ता: डॉ. गणपतिचंद्र गुप्त (हिंदी साहित्य का वैज्ञानिक इतिहास - 1965)।
सीमा: यदि केवल तथ्य-संग्रह तक सीमित रहा जाए, तो इतिहास मात्र आंकड़ों का संकलन बनकर रह जाता है; उसमें व्याख्या और जीवन-दृष्टि का अभाव हो सकता है।

घ. विधेयवादी पद्धति (Positivist / Taine's Method)

साहित्येतिहास लेखन की यह सर्वश्रेष्ठ, सर्वाधिक प्रौढ़ और वैज्ञानिक पद्धति मानी जाती है। फ्रेंच विचारक तेन इसके जनक हैं। इसमें किसी भी रचना अथवा साहित्यकार को तीन प्रमुख तत्वों—जाति, वातावरण और क्षण-विशेष—के परिप्रेक्ष्य में परखा जाता है।

प्रयोगकर्ता: आचार्य रामचंद्र शुक्ल।
महत्व: शुक्ल जी ने इसी पद्धति का आश्रय लेकर युगीन प्रवृत्तियों को आधार बनाया और ग्रंथों की साहित्यिक उपयोगिता व जन-चित्तवृत्ति के आधार पर वर्गीकरण प्रस्तुत किया।


आदिकाल का नामकरण किसने क्या कहा:- आदिकाल का नामकरण

3. पूर्व-पीठिका: इतिहास-लेखन से पूर्व की आधारभूत सामग्री

यद्यपि 19वीं सदी से पूर्व कालक्रमबद्ध आधुनिक इतिहास नहीं लिखे गए थे, तथापि मध्यकाल में अनेक वार्ता-साहित्य और प्रशस्ति-ग्रंथों की रचना हुई, जिन्होंने परवर्ती इतिहासकारों के लिए प्राथमिक स्रोत (कच्चे माल) की भूमिका निभाई:

  • चौरासी वैष्णवन की वार्ता तथा दो सौ बावन वैष्णवन की वार्ता: रचयिता—गोकुलनाथ (17वीं शती)। इनमें पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय और विट्ठलनाथ के शिष्यों के जीवन-वृत्त व पद संकलित हैं।
  • भक्तमाल: रचयिता—नाभादास (रचनाकाल लगभग 1585 ई.)। इसमें 200 भक्तों के चरित्र 316 छप्पय छंदों में वर्णित हैं। इस पर प्रियादास ने 'भक्तिरस-बोधिनी' टीका लिखी।
  • कविमाला: तुलसी (1655 ई.) द्वारा संगृहीत, जिसमें 75 कवियों की कविताओं का संकलन है।
  • कालिदास हजारा: कालिदास त्रिवेदी (1718 ई.) द्वारा रचित, जिसमें 212 कवियों के 1057 पद संगृहीत हैं। यही ग्रंथ आगे चलकर शिवसिंह सेंगर का मुख्य आधार बना।

4. आधुनिक इतिहास लेखन की विकास-यात्रा एवं प्रमुख ग्रंथ

1. गार्सां द तासी: इस्तवार द ला लितरेत्यूर ऐंदूई ऐ ऐंदुस्तानी

  • भाषा व प्रकाशन वर्ष: यह फ्रेंच भाषा में लिखित ग्रंथ है। इसका प्रथम भाग 1839 ई. में तथा द्वितीय भाग 1847 ई. में 'द ओरिएंटल ट्रांसलेशन कमेटी' ऑफ ग्रेट ब्रिटेन द्वारा पेरिस में प्रकाशित हुआ था। इसका परिवर्धित द्वितीय संस्करण 1870-71 ई. में तीन खंडों में आया।
  • स्वरूप व पद्धति: इसमें वर्णानुक्रम पद्धति अपनाई गई। कुल 738 कवियों में से हिंदी के केवल 72 कवि थे, शेष उर्दू-फ़ारसी के थे।
  • अनुवाद: डॉ. लक्ष्मीसागर वार्ष्णेय ने 1952 ई. में इसका हिंदी अनुवाद 'हिंदूई साहित्य का इतिहास' शीर्षक से प्रकाशित कराया।
  • महत्व: कमियों के बावजूद यह हिंदी साहित्य का इतिहास प्रस्तुत करने का विश्व-स्तर पर किया गया सर्वप्रथम प्रयास था।

2. मौलवी करीमुद्दीन: तबकात-उश-शुअरा (तजकिरा-इ-शुअरा-इ-हिंदी)

  • प्रकाशन वर्ष: 1848 ई. में दिल्ली कॉलेज द्वारा प्रकाशित।
  • विशेषता: इसमें कुल 1004 कवियों का विवरण है (जिनमें हिंदी के लगभग 60-62 कवि हैं)। इसकी मुख्य विशेषता यह है कि तासी की वर्णानुक्रम पद्धति के विपरीत इसमें प्रथम बार ऐतिहासिक कालक्रम का आंशिक ध्यान रखा गया।

3. शिवसिंह सेंगर: शिवसिंह सरोज

  • प्रकाशन वर्ष: 1883 ई. (नवलकिशोर प्रेस, लखनऊ)।
  • महत्व: किसी भी भारतीय विद्वान द्वारा हिंदी भाषा में लिखित हिंदी साहित्य का पहला इतिहास ग्रंथ।
  • तथ्य: इसमें एक सहस्र (लगभग 1003) भाषा कवियों का जीवन-चरित्र और उनकी कविताओं के उदाहरण संगृहीत हैं। यद्यपि यह भी वर्णानुक्रम में है, किंतु इसने परवर्ती इतिहासकारों के लिए एक विशाल संदर्भ-कोश का कार्य किया। सेंगर जी ने 'पुष्य' या 'पुंड' कवि को हिंदी का पहला कवि माना है।

4. डॉ. जॉर्ज अब्राहम ग्रियर्सन: द मॉडर्न वर्नाक्युलर लिटरेचर ऑफ हिंदुस्तान

  • प्रकाशन वर्ष: 1888 ई. में एशियाटिक सोसाइटी ऑफ बंगाल की विशेषांक पत्रिका के रूप में प्रकाशित हुआ। स्वतंत्र पुस्तक रूप में इसका प्रकाशन 1889 ई. में हुआ।
  • वैज्ञानिक दृष्टि: सच्चे अर्थों में हिंदी साहित्य का पहला वैज्ञानिक व व्यवस्थित इतिहास। ग्रियर्सन ने पहली बार अरबी-फ़ारसी और उर्दू के कवियों को छोड़कर केवल देशभाषा हिंदी के 952 कवियों को स्थान दिया।
  • काल-विभाजन: सर्वप्रथम संपूर्ण साहित्य को 11 अध्यायों (कालखंडों) में विभक्त कर प्रत्येक अध्याय का नामकरण युगीन प्रवृत्ति पर किया।
  • भक्तिकाल को स्वर्णयुग: ग्रियर्सन ने ही 16वीं-17वीं शताब्दी के भक्तिकाल को सर्वप्रथम 'स्वर्णयुग' (Golden Age) की संज्ञा दी।
  • अनुवाद: डॉ. किशोरीलाल गुप्त ने 1957 ई. में इसका अनुवाद 'हिंदी साहित्य का प्रथम इतिहास' नाम से किया।

5. मिश्रबंधु: मिश्रबंधु विनोद

  • रचयिता (तीन सगे भाई): गणेशबिहारी मिश्र, श्यामबिहारी मिश्र और शुकदेवबिहारी मिश्र।
  • प्रकाशन: चार भागों में। प्रथम तीन भाग 1913 ई. में तथा चौथा भाग 1934 ई. में प्रकाशित हुआ।
  • विशालता: इसमें 4591 (लगभग 5000) कवियों का प्रामाणिक जीवन-वृत्त दर्ज है। कालक्रम पद्धति पर आधारित इस ग्रंथ में अज्ञात कवियों के साहित्य को प्रकाश में लाया गया।
  • आचार्य शुक्ल का अभिमत: शुक्ल जी ने स्वीकार किया—"कवियों के परिचयात्मक विवरण मैंने प्रायः मिश्रबंधु विनोद से ही लिए हैं।" शुक्ल जी ने इसे 'बड़ा भारी कविवृत्त-संग्रह' कहा है।

6. आचार्य रामचंद्र शुक्ल: हिंदी साहित्य का इतिहास

  • पृष्ठभूमि: मूलतः नागरी प्रचारिणी सभा, काशी द्वारा प्रकाशित 'हिंदी शब्दसागर' की भूमिका के रूप में 'हिंदी साहित्य का विकास' नाम से जनवरी 1929 ई. में छपा। उसी वर्ष जुलाई 1929 में इसे स्वतंत्र पुस्तक रूप में प्रस्तुत किया गया। 1940 ई. में इसका अंतिम संशोधित-परिवर्धित संस्करण आया।
  • दृष्टिकोण: विधेयवादी पद्धति का श्रेष्ठतम प्रयोग। उन्होंने 1000 कवियों को छांटकर उनकी साहित्यिक उत्कृष्टता और तत्कालीन युग-चेतना के आधार पर मूल्यांकित किया।
  • दोहरा नामकरण: शुक्ल जी ने कालखंडों के नामकरण में दोहरा दृष्टिकोण अपनाकर एक युगांतरकारी मानदंड स्थापित किया (उदा. आदिकाल को वीरगाथाकाल)।

7. आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी के ग्रंथ

द्विवेदी जी ने शुक्ल जी की अनेक मान्यताओं को ठोस प्रमाणों से चुनौती दी। उन्होंने तीन अमर ग्रंथ लिखे: (1) हिंदी साहित्य की भूमिका (1940), (2) हिंदी साहित्य: उद्भव और विकास (1952), (3) हिंदी साहित्य का आदिकाल (1952)। द्विवेदी जी ने साहित्य को 'मानव-मूल्यों और लोक-चिंता की परंपरा' के रूप में देखा। उन्होंने सिद्धों, नाथों और जैन साहित्य को मुख्यधारा का साहित्य सिद्ध किया।

प्रमुख इतिहास ग्रंथ एक दृष्टि में:

ग्रंथ का नाम इतिहासकार प्रकाशन वर्ष पद्धति / मुख्य भाषा
इस्तवार द ला लितरेत्यूर... गार्सां द तासी 1839 / 1847 ई. वर्णानुक्रम (फ्रेंच)
शिवसिंह सरोज शिवसिंह सेंगर 1883 ई. वर्णानुक्रम (हिंदी)
द मॉडर्न वर्नाक्युलर लिटरेचर... डॉ. जॉर्ज ग्रियर्सन 1888 ई. कालानुक्रम (अंग्रेजी)
मिश्रबंधु विनोद मिश्रबंधु 1913 / 1934 ई. कालानुक्रम (हिंदी)
हिंदी साहित्य का इतिहास आचार्य रामचंद्र शुक्ल 1929 ई. विधेयवादी (हिंदी)
हिंदी साहित्य का आलोचनात्मक इतिहास डॉ. रामकुमार वर्मा 1938 ई. प्रवृत्तिगत (हिंदी)
हिंदी साहित्य का वैज्ञानिक इतिहास डॉ. गणपतिचंद्र गुप्त 1965 ई. वैज्ञानिक (हिंदी)

5. काल-विभाजन एवं नामकरण की प्रमुख पद्धतियाँ

हिंदी साहित्य के इतिहास में काल-विभाजन और नामकरण अत्यंत विवादास्पद एवं शोधपूर्ण विषय रहा है। इतिहासकारों ने विभिन्न मानदंडों के आधार पर काल-विभाजन किया है:

1. डॉ. जॉर्ज ग्रियर्सन का काल-विभाजन

ग्रियर्सन ने सर्वप्रथम काल-विभाजन की चेष्टा की। उन्होंने संपूर्ण इतिहास को 11 अध्यायों में बांटा:

  1. चारण काल (700-1300 ई.)
  2. पंद्रहवीं शती का धार्मिक पुनर्जागरण
  3. जायसी की प्रेम-कविता
  4. ब्रज का कृष्ण-संप्रदाय
  5. मुगल दरबार
  6. तुलसीदास
  7. रीति-काव्य
  8. तुलसीदास के अन्य परवर्ती
  9. अठारहवीं शताब्दी
  10. कंपनी के शासन में हिंदुस्तान
  11. महारानी विक्टोरिया के शासन में हिंदुस्तान

दोष: अध्यायों की संख्या अत्यधिक होना, वैज्ञानिक आधार का अभाव तथा ऐतिहासिक वर्गीकरण के स्थान पर भौगोलिक व राजनीतिक सीमाओं का समावेश।

2. मिश्रबंधुओं का काल-विभाजन

मिश्रबंधुओं ने अपने ग्रंथ 'मिश्रबंधु विनोद' में 5 मुख्य काल तथा 8 उप-काल निर्धारित किए:

  • आरंभिक काल: पूर्वारंभिक (संवत् 700-1343 वि.) एवं उत्तराम्रभिक (संवत् 1344-1444 वि.)
  • माध्यमिक काल: पूर्व माध्यमिक (संवत् 1445-1560 वि.) एवं प्रौढ़ माध्यमिक (संवत् 1561-1680 वि.)
  • अलंकृत काल: पूर्वालंकृत (संवत् 1681-1790 वि.) एवं उत्तरालंकृत (संवत् 1791-1889 वि.)
  • परिवर्तन काल: संवत् 1890-1925 वि.
  • वर्तमान काल: संवत् 1926 वि. से अब तक

3. आचार्य रामचंद्र शुक्ल का काल-विभाजन (सर्वमान्य आधार)

आचार्य शुक्ल ने 900 वर्षों के इतिहास को चार सुस्पष्ट कालखंडों में वर्गीकृत कर 'दोहरे नामकरण' की शास्त्रीय पद्धति अपनाई, जो युगीन प्रधान साहित्यिक प्रवृत्ति पर आधारित थी:

  • आदिकाल (वीरगाथा काल): संवत् 1050 से 1375 वि. (993 ई. से 1318 ई.)
  • पूर्व मध्यकाल (भक्तिकाल): संवत् 1375 से 1700 वि. (1318 ई. से 1643 ई.)
  • उत्तर मध्यकाल (रीतिकाल): संवत् 1700 से 1900 वि. (1643 ई. से 1843 ई.)
  • आधुनिक काल (गद्य काल): संवत् 1900 से 1984 वि. (1843 ई. से 1927 ई.)

4. डॉ. रामकुमार वर्मा का काल-विभाजन

डॉ. रामकुमार वर्मा ने अपने ग्रंथ 'हिंदी साहित्य का आलोचनात्मक इतिहास' (1938 ई.) में शुक्ल जी के वर्गीकरण में थोड़ा संशोधन करते हुए आदिकाल के पूर्व एक और काल जोड़ दिया:

  • संधि काल: संवत् 750 से 1000 वि. (इसमें अपभ्रंश की रचनाएं समाहित कीं तथा स्वयंभू को पहला कवि माना)।
  • चारण काल: संवत् 1000 से 1375 वि. (शुक्ल जी के वीरगाथा काल के समानांतर)।
  • भक्तिकाल, रीतिकाल और आधुनिक काल का विभाजन शुक्ल जी के समान ही रखा।

6. नामकरण को लेकर प्रमुख विवाद एवं विभिन्न मत

हिंदी साहित्य में सर्वाधिक विवाद आदिकाल और रीतिकाल के नामकरण पर रहा है:

आदिकाल के विविध नामकरण:

  • चारण काल: डॉ. जॉर्ज ग्रियर्सन
  • प्रारंभिक काल: मिश्रबंधु
  • वीरगाथा काल: आचार्य रामचंद्र शुक्ल (12 रासो व वीरतापरक ग्रंथों के आधार पर)
  • आदिकाल: आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी (सर्वाधिक स्वीकृत व व्यापक नाम)
  • बीजवपन काल: आचार्य महावीरप्रसाद द्विवेदी
  • सिद्ध-सामंत युग: राहुल सांकृत्यायन
  • संधिकाल एवं चारणकाल: डॉ. रामकुमार वर्मा
  • वीर काल: डॉ. विश्वनाथ प्रसाद मिश्र
  • आधार काल: मोहन अवस्थी एवं सुमन राजे

रीतिकाल के विविध नामकरण:

  • रीतिकाल: आचार्य रामचंद्र शुक्ल (लक्षण-ग्रंथों की बहुलता के कारण)
  • अलंकृत काल: मिश्रबंधु
  • शृंगार काल: आचार्य विश्वनाथ प्रसाद मिश्र (उनका मत था कि रीति केवल साधन थी, साध्य शृंगार था)
  • कला काल: डॉ. रमाशंकर शुक्ल 'रसाल'

महत्वपूर्ण अभ्यास प्रश्न (झलक)

प्र. 1. हिंदी साहित्य के इतिहास लेखन में सर्वप्रथम 'विधेयवादी पद्धति' का प्रयोग किसने किया था?

(A) गार्सां द तासी
(B) डॉ. जॉर्ज ग्रियर्सन
(C) आचार्य रामचंद्र शुक्ल
(D) मिश्रबंधु
उत्तर और व्याख्या देखें
उत्तर: (C) आचार्य रामचंद्र शुक्ल
व्याख्या: फ्रेंच विद्वान तेन द्वारा प्रवर्तित विधेयवादी पद्धति का हिंदी साहित्य में सर्वप्रथम और सबसे सफल प्रयोग आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने अपने 'हिंदी साहित्य का इतिहास' (1929) में किया। उन्होंने युगीन परिस्थितियों और जनता की चित्तवृत्ति के साथ साहित्य का संबंध स्थापित किया।

प्र. 2. 'द मॉडर्न वर्नाक्युलर लिटरेचर ऑफ हिंदुस्तान' का हिंदी अनुवाद 'हिंदी साहित्य का प्रथम इतिहास' नाम से किसने किया?

(A) डॉ. किशोरीलाल गुप्त
(B) डॉ. लक्ष्मीसागर वार्ष्णेय
(C) डॉ. नगेन्द्र
(D) देवीप्रसाद मुंसिफ
उत्तर और व्याख्या देखें
उत्तर: (A) डॉ. किशोरीलाल गुप्त
व्याख्या: जॉर्ज ग्रियर्सन के 1888 ई. में प्रकाशित अंग्रेजी ग्रंथ का हिंदी अनुवाद डॉ. किशोरीलाल गुप्त ने 1957 ई. में 'हिंदी साहित्य का प्रथम इतिहास' नाम से किया। जबकि गार्सां द तासी के ग्रंथ का अनुवाद डॉ. लक्ष्मीसागर वार्ष्णेय ने किया था।

प्र. 3. रीतिकाल को 'शृंगार काल' की संज्ञा किस आलोचक द्वारा प्रदान की गई?

(A) आचार्य रामचंद्र शुक्ल
(B) मिश्रबंधु
(C) आचार्य विश्वनाथ प्रसाद मिश्र
(D) डॉ. रमाशंकर शुक्ल 'रसाल'
उत्तर और व्याख्या देखें
उत्तर: (C) आचार्य विश्वनाथ प्रसाद मिश्र
व्याख्या: आचार्य विश्वनाथ प्रसाद मिश्र का मानना था कि इस युग के कवियों के लिए रीति तो केवल साधन या बाह्य आवरण थी, मूल कथ्य और साध्य शृंगार था। अतः उन्होंने इसे 'शृंगार काल' नाम दिया। मिश्रबंधुओं ने इसे 'अलंकृत काल' कहा था।

निष्कर्ष: हिंदी साहित्य के इतिहास लेखन की परंपरा का समग्र विश्लेषण यह स्पष्ट करता है कि यह अध्ययन केवल काल-गणना अथवा रचनाकारों की सूची नहीं, बल्कि भारतीय समाज और चेतना के सतत विकास का लेखा-जोखा है। गार्सां द तासी के प्रारंभिक वर्णानुक्रम से चलकर ग्रियर्सन के कालानुक्रम और शुक्ल जी की प्रौढ़ विधेयवादी पद्धति तक पहुँचते-पहुँचते यह अनुशासन अत्यंत वैज्ञानिक और तार्किक बना। हजारीप्रसाद द्विवेदी के लोक-परंपरागत दृष्टिकोण ने इसे मानवीय संवेदनशीलता और सहिष्णुता के धरातल पर प्रतिष्ठित किया। UGC NET-JRF, Assistant Professor और विभिन्न राज्य सेवा परीक्षाओं की दृष्टि से इतिहास-दर्शन, पद्धतियों और नामकरण के इस अंतर्संबंध को समझना हर गंभीर अध्येता के लिए अपरिहार्य आधारशिला है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Blogger द्वारा संचालित.

Translate